Saturday, June 8, 2019

बाँसवाड़ा मेंगो फेस्टिवल : ‘आम’ प्रेमियों में फेस्टिवल के प्रति जबर्दस्त उत्साह

राजस्थान के पहले मेंगो फेस्टिवल का दूसरा दिन 

आम की 46 प्रजातियों को देख अभिभूत हुए लोग


बांसवाड़ा, 8 जून/फलों के राजा आम की बांसवाड़ा में पाई जाने वाली 46 प्रजातियों से देश-दुनिया को रूबरू करवाने के लिए आयोजित राजस्थान के पहले मेंगो फेस्टिवल के दूसरे दिन शनिवार को भी बांसवाड़ा के कुशलबाग मैदान में आमप्रेमियों का उत्साह परवान पर रहा। जिला प्रशासन, कृषि अनुसंधान केन्द्र तथा बांसवाड़ा पर्यटन उन्नयन समिति के तत्वावधान में आयोजित हो रहे इस तीन दिवसीय बांसवाड़ा मेंगो फेस्टिवल में लोग आम की ढेर सारी प्रजातियों को एक साथ देखने के साथ इन्हें खाने का लुत्फ भी उठा रहे हैं। शनिवार को जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता व जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने भी सभी स्टाल का अवलोकन किया।








बांसवाड़ावासियों में मल्लिका का मोह, केसर की भी खूब डिमांड: 

मेंगो फेस्टिवल में बिक्री के लिए पहुंची आम की विविध प्रजातियों के प्रति लोगों का उत्साह देखने लायक है। बांसवाड़ावासियों में आम की मल्लिका प्रजाति के प्रति विशेष मोह दिखाई दे रहा है क्योंकि इस प्रजाति के आमों की पहले ही दिन ही लगभग 400 किलो की बिक्री हुई वहीं आज भी इसकी रिकार्ड बिक्री देखी गई। मेलार्थियों द्वारा आम की रसीली केसर प्रजाति की भी खासी डिमांड की जा रही है और लोगों ने इसको खरीदने के साथ इसको चखने में भी काफी रूचि दिखाई है। आज केसर प्रजाति के आम की भी लगभग 200 किलों की बिक्री दर्ज की गई।  





आम पापड़, आमपाक और अचार लोगों की पहली पसंद: 

बांसवाड़ा मेंगो फेस्टिवल में पहुंचने वाले लोगों की पहली पसंद आम के रस से बनाएं जाने वाला परंपरागत आम पापड़ और आम पाक है। पहले ही दिन जहां इन तीनों स्टालों पर लाये गए आम उत्पादों की जहां दो घंटों के भीतर ही रिकार्ड बिक्री हुई थी वहीं आमपाक तो स्टाल पर खत्म ही हो गया। 




अधिकारियों ने रखी नज़र:  

मेंगो फेस्टिवल के तहत आम की रिकार्ड बिक्री को देखते हुए संबद्ध विभागीय अधिकारियों द्वारा भी स्टॉल्स पर नज़र रखते हुए कमी होने पर आपूर्ति की जा रही है। कृषि अनुसंधान केन्द्र के संभागीय निदेशक डॉ. प्रमोद रोकडि़या व सहायक आचार्य डॉ. प्रशांत जांबुलकर, कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रभारी डॉ. एचएल बुगालिया, कृषि उपनिदेशक भूरालाल पाटीदार, रिलायंस फ़ाउंडेशन के जितेन्द्र चौधरी, राजीविका के सुरेश त्रिवेदी, उद्यान विभाग के प्रभारी प्रीतम बामनिया द्वारा लोगों की सुविधा के लिए आम और उनके उत्पादों की बिक्री पर नज़र रखी। जिला पर्यटन उन्नयन समिति के संरक्षक जगमालसिंह, सचिव हेमांग जोशी, पर्यटन उपनिदेशक कमलेश शर्मा, समिति सदस्य मुजफ्फरअली, पर्यटन अधिकारी अनिल तलवाडि़या आदि ने भी व्यवस्थाएं सुचारू करने में सहयोग दिया। 



आम उत्पादों के निर्माण की विधि बताई: 

मेंगो फेस्टिवल में आने वाली महिलाओं द्वारा आम के विविध उत्पादों को बनाने की विधि जानने के प्रति भी विशेष रूचि देखी गई। इसके लिए फेस्टिवल में कृषि विज्ञान केन्द्र के स्टाल पर रश्मि दवे ने यहां पहुंची महिलाओं को आम पना, केरी पुदिना शर्बत, अमचुर पाउडर, केरी मुरब्बा, आम का मीठा अचार, केरी जेम, केरी लोंजी तथा केरी पुदिना केण्डी के निर्माण की प्रविधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दूसरी तरफ कृषि विज्ञान केन्द्र के स्टाल पर ही कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी लोगों की शंकाओं का समाधान सुझाया। 



आज इतनी हुई बिक्री: 

मेंगो फेस्टिवल में शनिवार को 18 क्विंटल आमों की बिक्री हुई। बांसवाड़ा जिले के प्रसिद्ध छींच गांव के प्रेमदीप आम अचार के स्टाल पर एक क्विंटल से ज्यादा आम का अचार बिका। लोगों ने यहां पर फर्म मालिक प्रेमनागर और जगदीश नागर से आम अचार को टेस्ट करते हुए अचार खरीदा। आरएमबी की स्टाल पर 60 किलो आम पाक बिका। इसी प्रकार राजीविका के स्टाल पर भी 17 किलो अचार व दस किलो आम पापड़, के निर्देशन में स्टाल पर 50 किलो आम पापड़ तथा आम के 100 से अधिक पौधों की बिक्री की गई। रिलायंस फ़ाउंडेशन के जितेन्द्र चौधरी के निर्देशन में लगे स्टाल पर बड़ी संख्या में लोगो ने केरीपना का लुत्फ उठाया। बनेश्वर कृषक प्रोड्यूसर समिति के तत्वावधान में आम पना और आम के कई उत्पादों का विक्रय भी किया गया। 


स्टॉल पर ही बनाया मेंगो शैक

लोगों में मैंगो शैक के प्रति उत्साह को देखते हुए शनिवार को स्टॉल पर मैंगो शेक बनाकर दिया गया ताकि सभी मेलार्थी बिना रूकावट मैंगो शैक का रसास्वादन कर सके। नोवल्टी ज्यूस के रफीक भाई ने बताया कि उनके द्वारा केवल दो माह ही मैंगो शैक बनाकर बैचा जाता है ताकि क्वालिटी मैंगो से शैक बनाकर ग्राहकों को दिया जा सकें। 
--------
 

फेस्टिवल में हुई पोस्टर प्रतियोगिता

नौनिहालों में उत्साह अपार, रंगों से रचा ‘आम’ का रंगीन संसार 

बांसवाड़ा, 8 जून/मेंगो फेस्टिवल के तहत शनिवार को कुशलबाग मैदान में आम पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और अपनी कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले उत्साहित विद्यार्थियों ने रंगों के सहारे ‘आम’ पर अपनी कल्पनाओं के घोड़े दौड़ाएं और आकर्षक चित्रांकन किया। हरे भरे आम के पेड़ों पर मंडराते पक्षियों के साथ पके और हरे आमों की जुगलबंदी के नज़ारों ने भी मौजूद लोगों को आकर्षित किया। 



 शिक्षा विभाग के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मणिलाल छगन, श्रीमती अंजलिका पलाट, महेंद्र त्रिवेदी, तन्मय मेहता, राजेंद्र जोशी, रोहित राणा, अमित सोनी, कृतिका कंसारा, हेमंत उपाध्याय, दक्षा उपाध्याय, वासुदेव शर्मा आदि ने पोस्टर प्रतियोगिता में सहयोग प्रदान किया। 

यह रहे परिणाम

सीनियर वर्ग में टीशा कंसारा प्रथम, तुषार पडियार द्वितीय और करामत खां तृतीय रहे। इसी प्रकार जुनियर वर्ग में रागिनी जोशी प्रथम, जेमित कंसारा द्वितीय तथा शिवि जैन तृतीय रहे। विजेताओं को जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता ने पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कारों के तहत सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों को दशहरी आम तथा जुनियर वर्ग को केरीपना शर्बत उपहार में दिया गया। प्रतियोगिता में 44 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। निर्णायक अमित सोनी, कृतिका कंसारा, वासुदेव सुत्रधार रहे।
--------
फोटो - 8 व 9: मेंगो फेस्टिवल के तहत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लेते विद्यार्थी तथा विजेताओं को पुरस्कृत करते अतिथि।

--------














No comments:

Post a Comment