Wednesday, June 5, 2019

सात समंदर पार तक महकता है बांसवाड़ा का आमपाक

बांसवाड़ा मेंगो फेस्टिवल पर विशेष फीचर
आलेख व फोटो: कमलेश शर्मा

बांसवाड़ा, 4 जून/ दुनियाभर में भांति-भांति की मिठाईयां मिलती होंगी परंतु एक मिठाई ऐसी है जो   बांसवाड़ा-प्रतापगढ़ में खास तौर पर तैयार की जाती है और इसकी महक आज भी न सिर्फ देशभर में अपितु सात समंदर पार भी महसूस की जा रही है। जी हां, बांसवाड़ा-प्रतापगढ़ का आमपाक देश-दुनिया में खासा लोकप्रिय है और यह लजीज मिठाई आज से नहीं अपितु बरसों से पसंद की जा रही है। 

बांसवाड़ा के आम और इससे बनने वाले उत्पादों का जायका सात समंदर पार के लोगों को भी पसंद है, इसीलिए यहां की दुर्लभ प्रजातियों के आम और इनसे बनने वाली मिठाई को प्रतिवर्ष आम के मौसम में विशेष रूप से विदेशों में भेजा जाता है। प्रवासी भारतीय विदेशों मंे बसने के बाद भी अपने वतन की इस मिठाई का जायका अभी तक नहीं भूले हैं और इसका एकमात्र कारण इस मिठाई को तैयार करने वाले परंपरागत मिष्ठान्न निर्माताओं को जाता है।  
करीब 90 सालों से बन रहा है आरएमबी का आमपाक:   
बांसवाड़ावासियों का आमपाक का शौक भी काबिले तारीफ है क्योंकि शहर में आमपाक तैयार करने वाली एक फर्म करीब 90 सालों से आज तक आमपाक तैयार करती है और यहां का आमपाक न सिर्फ जिले में अपितु समीपस्थ गुजरात और विदेशों में केनेडा, आस्ट्रेलिया, अमेरिका तथा यूरोपीयन देशों मंे नागर, नैमा और बोहरा समुदाय के लोगों द्वारा अपने रिश्तेदारों को भिजवाया जाता है। शहर के आजाद चौक स्थित आरएमबी फर्म की स्थापना 90 वर्ष पूर्व गेबीलाल जोशी द्वारा की थी और उनके बाद उनके सुपुत्र अनिल जोशी व योगेश जोशी द्वारा आज तक इसे संचालित किया जा रहा है। अनिल जोशी का कहना है कि उनके पिताजी द्वारा आमपाक निर्माण की कला को जीवित रखने और इससे जिलेवासियों व देश-दुनिया में रहने वाले स्थानीय लोगों तक पहुंचाने में जो संतुष्टि मिलती है वह किसी और काम में नहीं। 
मेंगो फेस्टिवल में भी मिलेगा आरएमबी का आमपाक:
इधर, बांसवाड़ा के कुशलबाग मैदान में 7 से 9 जून तक आयोजित होने वाले ‘बांसवाड़ा मेंगो फेस्टिवल’ में आरएमबी के आमपाक का भी स्टॉल लगाया जाएगा और जिलेवासियों तथा मेले में आनेवाले लोगों को इसका जायका लेने का अवसर प्राप्त होगा। जिला प्रशासन की ओर से बांसवाड़ा पर्यटन उन्नयन समिति के सचिव हेमांग जोशी ने आरएमबी संचालक से संपर्क किया है और उन्हें इसमें स्टॉल लगाने के लिए सहमत किया है। 
jk
बांसवाड़ा/ आम से तैयार किए जाने वाला आमपाक।
दैनिक भास्कर : 6 जून 2019

No comments:

Post a Comment