अभूतपूर्व आयोजन ने 40 हजार से अधिक आम रसिकों का मन मोहा
तीन दिनों में 5 हजार किलो आम और 250 किलो आमपापड़ की रिकार्ड बिक्री
बांसवाड़ा, 11 जून/ राजस्थान का दक्षिणांचल बांसवाड़ा जिला यों तो बहुरंगीजनजाति संस्कृति और शिल्प-स्थापत्य के लिए जाना-पहचाना जाता है परंतु पहली बार बांसवाड़ा जिला मुख्यालय पर ‘मेंगो फेस्टिवल’ के आयोजन ने जिले को ‘मैंगो हब’ के बारे में देश-प्रदेश में पहचान दी है। जिला प्रशासन, कृषि अनुसंधान केन्द्र तथा बांसवाड़ा पर्यटन उन्नयन समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय यह आयोजन बांसवाड़ा जिला मुख्यालय पर कुशलबाग मैदान में 7 से 9 जून तक हुआ और तीन दिनों मंे 40 हजार से अधिक लोगों ने इसमें अपनी भागीदारी निभाते हुए बांसवाड़ा के आम के प्रति अपने गौरव की अभिव्यक्ति दी।
46 प्रजातियों के आमों का सम्मोहन:
जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने बताया कि बांसवाड़ा में आयोजित प्रदेश के पहले ‘मेंगो फेस्टिवल’ के प्रति आमजन का जबरदस्त उत्साह देखा गया और सर्वाधिक आकर्षण का केन्द्र 46 प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी रही। लोग एक ही स्थान पर 46 प्रजातियों के आम देख रोमांचित हुए। प्रदर्शनी में बांसवाड़ा में ही पैदा हो रही आम की 28 प्रजातियों के साथ देसी आम की 18 प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया था। इसी प्रकार विभिन्न 12 स्टाल्स पर विविध प्रजातियों के आमों को एक ही दर 60 रुपये किलो से बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया। दूसरी तरफ 8 स्टॉल पर आम के उत्पादों का प्रदर्शन व विक्रय किया गया।
मेंगो फेस्टिवल में जमकर हुई बिक्री
फेस्टिवल में लोगों ने आम और उनके उत्पादों की जमकर खरीदारी भी की। मेले में लगाई हर स्टाल पर प्रतिदिन स्टॉक खत्म हो गया। फेस्टिवल के दौरान तीन दिनों मंे कुल 50 क्विंटल आम की बिक्री हुई। इसमें पहले दिन 7 क्विंटल, दूसरे दिन 18 क्विंटल तथा तीसरे दिन 25 क्विंटल से अधिक आम की बिक्री हुई। इसी प्रकार आम उत्पादों मंे सर्वाधिक 375 किलो अचार और आम पापड़ की कुल 245 किलो बिक्री हुई।
बांसवाड़ा में तैयार किए जाने वाले चूसने वाले आम की मिठाई आमपाक की भी 180 किलो की रिकार्ड बिक्री हुई। आरएमबी फर्म के अनिल जोशी द्वारा मेले में पहले दिन 30 किलो, दूसरे दिन 65 तथा तीसरे दिन 85 किलो आम पाक बेचा गया। दूसरी तरफ फेस्टिवल में 1350 अधिक लोगों ने मेंगो शैक का सेवन किया। पहले दिन 300, दूसरे दिन 500 तथा तीसरे दिन 550 मेंगो शैक की बिक्री हुई। लोगों में आम की बागवानी के प्रति उत्साह देखा गया। फेस्टिवल में लोगों ने विविध प्रजातियों के 350 से अधिक पौधे खरीदे।
फेस्टिवल में रिलायंस फाउंडेशन द्वारा पोषित त्रिपुरा महिला संघ के माध्यम से कच्ची केरी आम पन्ना की क्रीम द्रव की कुल लगभग 170 लीटर से 400 बोतल की बिक्री की वहीं लगभग 340 लीटर आम पन्ना पेस्ट से तैयार किए गए जूस को 5 हजार से अधिक लोगो द्वारा चखा गया एवं बनेश्वर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा 680 किलो केशर आम और उनकी स्लाईस का स्टाल पर लोगों द्वारा टेस्ट किया गया।
जानकारीपरक साहित्य का विमोचन:
प्रदेश के पहले ‘मेंगो फेस्टिवल 2019’ में सामान्यजन को जिले में पैदा होने वाले आम की प्रजातियों तथा उससे बनने वाले उत्पादों की ज्ञानवर्द्धक जानकारी देने वाले फोल्डर्स का विमोचन किया गया। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग (स्वतंत्र प्रभार) उद्योग एवं राजकीय उपक्रम विभाग राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने जिला प्रशासन, कृषि अनुसंधान केन्द्र, उद्यान विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र की टीम द्वारा तैयार किए गए दो फोल्डर्स का विमोचन किया। जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा के निर्देशन में तैयार इस फोल्डर में आम की प्रजातियों की जानकारी समाहित थी।
‘आम्रकुंज‘ विषय पर हुई पोस्टर प्रतियोगिता:
मेंगो फेस्टिवल में ‘आम्रकुंज’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 44 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और आम पर अपनी कल्पनाओं को रंग व कूंची से साकार किया। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में टीशा कंसारा प्रथम, तुषार पडियार द्वितीय और करामत खां तृतीय रहे। इसी प्रकार जुनियर वर्ग में रागिनी जोशी प्रथम, जेमित कंसारा द्वितीय तथा शिवि जैन तृतीय रहे। विजेताओं को जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता ने पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कारों के तहत सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों को दशहरी आम तथा जुनियर वर्ग को केरीपना शर्बत उपहार में दिया गया।
हरदम मौजूद रहे अधिकारी:
मेंगो फेस्टिवल के तहत आम की रिकार्ड बिक्री को देखते हुए संबद्ध विभागीय अधिकारियों द्वारा भी स्टॉल्स पर नज़र रखते हुए कमी होने पर आपूर्ति की। कृषि अनुसंधान केन्द्र के संभागीय निदेशक डॉ. प्रमोद रोकड़िया व सहायक आचार्य डॉ. प्रशांत जांबुलकर, कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रभारी डॉ. एचएल बुगालिया, कृषि उपनिदेशक भूरालाल पाटीदार, रिलायंस फ़ाउंडेशन के जितेन्द्र चौधरी, राजीविका के सुरेश त्रिवेदी, उद्यान विभाग के प्रभारी प्रीतम बामनिया द्वारा लोगों की सुविधा के लिए आम और उनके उत्पादों की बिक्री पर नज़र रखी। जिला पर्यटन उन्नयन समिति के संरक्षक जगमालसिंह, सचिव हेमांग जोशी, पर्यटन उपनिदेशक कमलेश शर्मा, समिति सदस्य मुजफ्फरअली, पर्यटन अधिकारी अनिल तलवाड़िया आदि ने भी व्यवस्थाएं सुचारू करने में सहयोग दिया।




No comments:
Post a Comment