Thursday, June 6, 2019

राजस्थान का पहला मेंगो फेस्टिवल

कुछ खास ही होगा बांसवाड़ा में पहला आम महोत्सव 
13 स्टॉल्स में आम की प्रजातियां, शेष में सजेंगे आम के उत्पाद
    बांसवाड़ा, 5 जून/फलों के राजा आम की बांसवाड़ा में पाई जाने वाली 46 प्रजातियों से देश-दुनिया को रूबरू करवाने के लिए बांसवाड़ा में 7 से 9 जून तक आयोजित हो रहा राजस्थान का पहला मेंगो फेस्टिवल कुछ खास ही होगा। फेस्टिवल के लिए जिला प्रशासन, कृषि अनुसंधान केन्द्र तथा बांसवाड़ा पर्यटन उन्नयन समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 
        जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने बताया कि कुशलबाग मैदान में तीन दिनों तक शाम को 6 बजे से रात्रि दस बजे तक आयोजित होने वाले मेंगो फेस्टिवल जनसामान्य को आम के बारे में संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का एक सशक्त मंच होगा और इसके माध्यम से लोग यहां पाई जाने वाली आम प्रजातियों से रूबरू हो सकेंगे व इनको खाने का लुत्फ भी उठा सकेंगे। 
      कलक्टर गुप्ता ने बताया कि मेंगो फेस्टिवल में 8 स्टाल्स पर आम के उत्पादों यथा आम पापड़, आम का अचार, केरी पना, आम पाक, आम की आईसक्रीम, आम रस इत्यादि का प्रदर्शन व विक्रय किया जाएगा। फेस्टिवल का शुभारंभ 7 जून को शाम 6 बजे जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग (स्वतंत्र प्रभार) उद्योग एवं राजकीय उपक्रम विभाग राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामनिया के मुख्य आतिथ्य में होगा। 
पोस्टर प्रतियोगिता 8 को: 
       मेंगो फेस्टिवल के तहत आम पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 8 जून को शाम 6 बजे कुशलबाग मैदान में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में शिक्षा विभाग स्कूली विद्यार्थियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसी प्रकार तीनों दिनों तक महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रंगोली भी सजाई जाएगी। 
प्रभारी जुटे तैयारियों में: 
        आम प्रजातियों की प्रदर्शनी के लिए कृषि अनुसंधान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रशांत जांबुलकर व टीम द्वारा 46 प्रजातियों के आमों को पेड़ों से तुड़वाकर पकने के लिए सुरक्षित रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कृषि अनुसंधान केन्द्र के फार्म पर स्टाल प्रभारी रत्ना की टीम द्वारा किशन भोग, बोम्बे ग्रीन, बोम्बई, केसर, राजस्थान केसर, फजली, मूलागो, बैंगनफल्ली, जम्बो केसर गुजरात, स्वर्ण रेखा, बंगलौरा, नीलम, चौसा, दशहरी, मनकुर्द, वनराज, हिमसागर, जरदालु, अल्फांजो, बजरंग, राजभोग, मल्लिका, लंगड़ा, आम्रपाली, फेरनाड़ी, तोतापूरी, रामकेला, सदाबहार आदि 28 प्रजातियों को प्रदर्शित किया जाएगा वहीं बांसवाड़ा के देसी आम की 18 प्रजातियों यथा टीमुरवा, आँगनवाला, देवरी के पास वाला, कसलवाला, कुआवाला, आमड़ी, काकरवाला, लाडुआ, हाडली, अनूप, कनेरिया, पीपलवाला, धोलिया, बारामासी, बनेसरा, सागवा, कालिया, मकानिया आदि प्रजातियों के आमों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
मेंगो फेस्टिवल प्रदर्शनी के लिए आम को तोड़कर रखवाते कृषि अनुसंधान केन्द्र के अधिकारी


बांसवाड़ा मेंगो फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए विभागों को सौंपे दायित्व
      बांसवाड़ा, 5 जून/ जिला मुख्यालय पर 07 से 09 जून तक आयोजित होने वाले ‘बांसवाड़ा मेंगो फेस्टिवल, 2019’ के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गए। समस्त विभागीय अधिकारी व संबंधित प्रभारियों को समन्वय स्थापित करते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है। 
जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने बताया कि फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए बांसवाड़ा उपखंड अधिकारी व नगरपरिषद आयुक्त सुश्री पूजा पार्थ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि कृषि अनुसंधान केन्द्र बोरवट के संभागीय निदेशक डॉ. प्रमोद रोकड़िया को  दस स्टाल्स पर दस प्रजातियों के आमों के प्रदर्शन/चखने व बेचने की समस्त व्यवस्था के लिए वेंडर्स का चयन व स्टॉल आवंटन तथा आम प्रजाति प्रदर्शनी में 46 प्रजातियों के आमों के प्रदर्शन की व्यवस्था व इनकी जानकारी देने के लिए पर्याप्त अधिकारियों/कार्मिकों की व्यवस्था करने का दायित्व सौंपा गया है। कृषि विज्ञान केन्द्र प्रभारी तथा उद्यान विभाग के उपनिदेशक को आम के उत्पादों के स्टाल्स पर आम पापड़/आम अचार/मुरब्बा इत्यादि के प्रदर्शन व बेचने की समस्त व्यवस्था के लिए वेंडर्स का चयन व स्टॉल आवंटन, आम के पौधों के प्रदर्शन व बेचने के लिए व्यवस्था, इस कार्य में कृषि अनुसंधान केन्द्र व वन विभाग के सहयोग से पौधे प्राप्त करने की व्यवस्था के निर्देश दिए गए है।
उन्होंने बताया कि बांसवाड़ा पर्यटन उन्नयन समिति के सचिव हेमांग जोशी को आम की आईसक्रीम, मेंगो डोली, आम की मिठाई, आम ज्यूस के स्टाल्स के लिए वेंडर का चयन और उनसे समन्वय कर स्थापित करवाने की व्यवस्था, नगरपरिषद बांसवाड़ा के प्रभुलाल भाभोर को कुशलबाग मैदान की प्रतिदिन सफाई, फेस्टिवल के लिए टेंट स्थापित करवाना, लाईटिंग की व्यवस्था, डस्टबिन, फायर ब्रिगेड, पेयजल की व्यवस्था करने का दायित्व सौंपा गया है। 
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के उपनिदेशक कमलेश शर्मा को  फेस्टिवल लोगो, निमंत्रण, ई-निमंत्रण, फोल्डर तैयार करना। समस्त स्टॉल्स की साज-सज्जा, प्रदर्शन साहित्य तैयार करवाने, कवरेज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए है। 
महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक श्रीमती पार्वती कटारा को  दस स्टाल्स पर सहयोग के लिए दस महिला कार्मिकों, मेलास्थल पर रंगोली स्थापित करवाना व उत्पादों के प्रदर्शन/साजसज्जा में सहयोग करने के लिए कार्मिकों को नियोजित करने का दायित्व दिया गया है। 
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मणीलाल छगन को मेलास्थल पर व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए स्काउट-गाईड/एनसीसी केडेट्स की व्यवस्था करने, रंगोली व पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन करवाने के निर्देश दिए गए है।
उन्होंने बताया कि जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक तथा राजीविका, रिलायंस फाउंडेशन को आम के उत्पादों खटाई, केरी पाउडर, गोली, चूरण, अमचूर, मुरब्बा आदि के लिए वेंडर्स का चयन, स्टाल आवंटन व प्रदर्शन की व्यवस्था करवाने तथा पर्यटन विभाग के अनिल तलवाड़िया को समस्त जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध व विशिष्टजनों को सूचित व निमंत्रित करने,  निमंत्रण पत्र वितरण, शहर में माईक के माध्यम से मेले की उद्घोषणा करवाने, उदयपुर से पर्यटकों को बुलाने की व्यवस्था करने, पर्यटन विभाग की  साईट व कलेण्डर में फेस्टिवल तिथियों को अंकित करवाने की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस विभाग को मेला स्थल पर सुरक्षा, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाएं रखने व ट्रेफिक व्यवस्था के लिए पुलिसकार्मिकों की नियुक्ति करने का दायित्व सौंपा गया है।








No comments:

Post a Comment