46 प्रजातियों के आमों की लगेगी प्रदर्शनी, दस स्टालों पर आम खाने का लुत्फ उठा सकेंगे
बांसवाड़ा, 3 जून/ जिले में पाई जाने वाली आमों की 46 प्रजातियों के आमों को प्रत्यक्ष देखने और इसमें से अधिकांश को खाने का लुत्फ उठाने का अवसर मुहैया करवाने के लिए जिला प्रशासन के तत्वावधान में 7 से 9 जून को आयोजित होने वाले पहले ‘बांसवाड़ा मेंगो फेस्टिवल’ की तैयारियों के लिए जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों की तैयारी बैठक ली।
शहर के कुशलबाग मैदान में आयोजित होने वाले इस मेंगो फेस्टिवल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर गुप्ता ने कहा कि मेंगो फेस्टिवल आयोजित करने के पीछे हमारा मकसद है कि लोग आम की इन प्रजातियों के बारे में जानकारी ले सकें, वे इन प्रजातियों को चख सकें, रसास्वादन कर सकें तथा वे भी इन प्रजातियों को उगाकर भरपूर लुत्फ उठा सकें। फेस्टिवल का शुभारंभ 7 जून को जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग (स्वतंत्र प्रभार) उद्योग एवं राजकीय उपक्रम विभाग राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामनिया के मुख्य आतिथ्य में होगा।
रियायती दर पर उपलब्ध होंगे आम व उत्पाद:
कलक्टर ने फेस्टिवल के आयोजन से जुड़े विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि फेस्टिवल में आम व उनके उत्पादों को योजनाबद्ध रूप से आकर्षक ढंग से प्रदर्शित करें और इससे संबद्ध जानकारी मुहैया करवाने के लिए जानकार व्यक्ति मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने फेस्टिवल के तहत आमों व उत्पादों को रियायती दर पर उपलब्ध कराने के लिए भी संबद्ध अधिकारियों को निर्देश दिए ताकि अधिकाधिक लोग इस फेस्टिवल के प्रति आकर्षित हो सकें।
प्रतिदिन शाम 6 से 10 बजे तक होगा फेस्टिवल:
बैठक में कलक्टर गुप्ता ने बताया कि फेस्टिवल का आयोजन प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि दस बजे तक होगा। उन्होंने फेस्टिवल में स्टाल्स के लिए सफेद रंग के 15 गुणा 15 फीट के टेंट लगाने और इसकी आकर्षक साज-सज्जा के साथ इसमें टेबल्स स्थापित करने व लाईटिंग की उचित व्यवस्था के लिए नगर परिषद के एईएन प्रभुलाल भाभोर को निर्देश दिए। फेस्टिवल में दस स्टालों पर दस प्रजातियों के आमों को खाने व बेचने के लिए उपलब्ध रखा जाएगा वहीं एक बड़ी प्रदर्शनी में बांसवाड़ा में उगने वाले समस्त 46 प्रजातियों के आमों को उनके नामों के साथ प्रदर्शित किया जाएगा।
आमों के पौधों की भी होगी प्रदर्शनी:
मेंगो फेस्टिवल में पहुंचने वाले लोग सिर्फ आम व आम के उत्पाद ही नहीं वरन उन्नत किस्म के आम के पौधों को भी रियायती दर पर खरीद सकेंगे। कलक्टर गुप्ता ने बताया कि फेस्टिवल में आम प्रजातियों से रूबरू होने के बाद यदि लोग अपने घर, बगीचे या खेत में उन्नत प्रजाति के आम का पौधा लगाना चाहते हैं तो वह भी फेस्टिवल में मौजूद रहेगा। कृषि विज्ञान केन्द्र व वन विभाग द्वारा इसके लिए मौके पर पौधों की आपूर्ति की जाएगी।
पॉलिथीन फ्री रहेगा फेस्टिवल:
कलक्टर ने बताया कि फेस्टिवल पॉलिथीन फ्री रहेगा और इसमें आम को कपड़े या कागज की थैली में मुहैया करवाया जाए। उन्होंने नगरपरिषद और कृषि अनुसंधान केन्द्र के अधिकारियों को संबंधित वेंडर्स को इसकी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में आम व उनके उत्पादों के लिए स्टॉल स्थापित करने, वेंडर्स के चयन, देसी आम की प्रजातियों के साथ आम के विविध उत्पादों, व्यंजनों व पौधों की प्रदर्शनी, आमों की बेचने की दर इत्यादि के बारे में अधिकारियों से चर्चा की गई। कलक्टर ने समस्त अधिकारियों को पूर्व में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में की गई तैयारियों के संबंध मंे पूछकर महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए। बांसवाड़ा पर्यटन उन्नयन समिति के सचिव हेमांग जोशी व मुजफ्फर अली ने भी फेस्टिवल आयोजन के संबंध में सुझाव दिए। इस मौके पर कृषि अनुसंधान केन्द्र डॉ. प्रशांत जांबुलकर, कृषि विज्ञान केन्द्र, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, जिला उद्योग केन्द्र, शिक्षा, पर्यटन और अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
![]() |
| बांसवाड़ा/ मेंगो फेस्टिवल के संबंध में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते जिला कलक्टर आशीष गुप्ता। |





No comments:
Post a Comment